कविता एवं ग़ज़ल
बातें … राजुल
अपना पठन अनुभव चुनें
बातें… दुनिया की बागडोर संभाले
तय करती हैं अपनी उम्र का सफ़र
कितने रंग, कितने रूपों में, कितने शरीर धरे
आसपास घूमती बातें
बातों से मन भर जाता है
लेकिन पेट नहीं भरता
बातों की दवा असर करती है
लेकिन बातों का घाव नहीं भरता
ज़ख़्म देती है…मरहम बन जाती है
ख़त्म होकर भी जीती है बरसों बरस
और, अचानक ही सामने आ जाती है
बीती बातें ताज़ा हो जाती हैं
एक बीज पड़ता है बातों का
जन्म से भी पहले
और मां के अन्दर बातें ,सारी शक्ति लगाकर
गढ़ती हैं आकर
फिर आँख खोलते ही हाथों-हाथ लेती हैं
कुछ नर्म बातें
हंसती, खिलखिलाती
रुई के फाहे जैसी बातें
संजोती, संवारती, सिखाती बातें
किताबों में समाई बातें
गुनगुनाती बातें
अधमुंदी … खुली … चुभती … टटोलती
नेपथ्य से सामने आकर
छील … उधेड़ कर
फिर कुछ नया बुनती
न जाने कितनी बातें जुड़ती जाती हैं सबके साथ
लोग नहीं दिखते
लेकिन बातें बनी रहती हैं
राजुल
पढ़ने के बाद Post के बारे में Comment अवश्य लिखिए .
विशेष :- यदि आपने website को subscribe नहीं किया है तो, कृपया अभी free subscribe करें; जिससे आप हमेशा हमसे जुड़े रहें. ..धन्यवाद.
❦ रचना समाप्त ❦
साहित्य की यात्रा यहीं नहीं रुकती।