कविता एवं ग़ज़ल
सुगना हरियाला : प्रमिला भारती
अपना पठन अनुभव चुनें
सुगना हरियाला
देख सुनहरी किरणें दूर जब निकल गया
मोम का खिलौना था धूप में पिघल गया ।
बरसों से सपना जो अंतर में पाला था ।
यत्न किये कितने तब साँचे में ढाला था ।
ठिठुरन,अकड़न,आँधी सब कुछ तो झेल गया ,
हृदयहीन बातों के बोझ से कुचल गया ।
मोम जले हाथों की पीर बतायें किसको ।
ममता का अकुलाया नीर दिखाएँ किसको ।
जेठ की दोपहरी ने जाने क्या समझाया ,
सुगना हरियाला सा रूठकर मचल गया ।
शहनाई के स्वर जब पालकी उठाते हैं ।
शगुन द्वार देहरी के आज भी डराते हैं ।
देह पड़ी खुरचन को कब तक वो सहलाता ,
नख वाले पंजों के ताप से ही जल गया ।
अंतर्राष्ट्रीय मंच की ख्याति प्राप्त कवियित्री प्रमिला भारती
❦ रचना समाप्त ❦
साहित्य की यात्रा यहीं नहीं रुकती।